तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के हेतिमपुर केवलानार मंदिर के पास बुधवार–देररात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार महादेवपुर निवासी सियाराम मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह किसी कार्य को पूरा कर देर रात घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सियाराम की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया। मृतक सियाराम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Leave Comments
Login to leave a comment.