रील बनाने के चक्कर में ट्रक से टकराई बाइक, मामा की मौत, भांजा घायल
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के जगदीश सराय गांव के पास नेशनल हाईवे-19 पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रील बनाने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी, जिससे बाइक सवार मामा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार मिर्जापुर जनपद के अहरौरा निवासी मनीष (22) अपने 12 वर्षीय भांजे संजीत निवासी ककरवत के साथ बाइक से जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों चलते समय मोबाइल से रील बना रहे थे। इसी दौरान बाइक असंतुलित होकर सामने चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल भांजे का इलाज जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं पुलिस ने लोगों से हाईवे पर चलने के दौरान मोबाइल का प्रयोग न करने और सावधानी बरतने की अपील की है।
Leave Comments
Login to leave a comment.