चकिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 17.800 किलो अवैध गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, कीमत करीब 4.5 लाख
अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली -चकिया मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चकिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सोमवार सुबह करीब 5 बजे रविदास मंदिर के पास, ग्राम मुड़हुआ से एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने मौके से 17.800 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4.5 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजू पुत्र स्वर्गीय भोला, निवासी बैरगाढ़, थाना चकरघट्टा, जनपद चंदौली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, बरामदगी के आधार पर थाना चकिया में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने खुलासा किया कि वह गांजा बिहार से खरीदकर अहरौरा होते हुए वाराणसी में बेचने की योजना बना रहा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा। चकिया पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक अहम सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियानों को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा।
Leave Comments
Login to leave a comment.