अलीनगर में दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौत, महिला गंभीर; गुस्साए परिजनों ने किया रोड जाम
ब्यूरो अशोक कुमार जायसवाल
चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ जा रही महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर हंगामा किया। मिली जानकारी के अनुसार, बुझा हुआ गांव निवासी सोहन अपनी भाभी को साइकिल से लेकर बाजार जा रहा था। इसी दौरान शाहूपुरी स्थित एनडीआरएफ ऑफिस के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी भाभी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन करने लगे। स्थिति को देखते हुए अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। इस संबंध में अलीनगर प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडे ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों से तहरीर ली जा रही है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया है कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Leave Comments
Login to leave a comment.